उज्जैन/नागदा: उज्जैन जिले के नागदा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक दिव्यांग युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने तुरंत कार्रवाई की। वीडियो में दिख रहा है कि जीआरपी के प्रधान आरक्षक मानसिंह ने प्लेटफॉर्म पर दिव्यांग युवक को थप्पड़ और लात मारते हुए पीटा। इस घटना का वीडियो एसी कोच में बैठे एक यात्री ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

घटना के अनुसार, दिव्यांग युवक अपने बैग के साथ प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सो रहा था। इसी दौरान प्रधान आरक्षक मानसिंह ने उसे पीटना शुरू कर दिया। आरक्षक का कहना है कि युवक शराब पीकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था, लेकिन वायरल वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि आरक्षक ने दिव्यांग के साथ हिंसा की। वीडियो में युवक रोते हुए स्टेशन छोड़ते हुए भी दिखाई दे रहा है।
जीआरपी ने आरक्षक को निलंबित किया
घटना वायरल होने के तुरंत बाद जीआरपी के एसपी ने कार्यवाही करते हुए आरक्षक मानसिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन पत्र में उल्लेख किया गया है कि “ड्यूटी के दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट की जाने का वीडियो वायरल हुआ है। कार्यवाहक प्रधान आरक्षक के उक्त कृत्य के कारण रेल पुलिस की छवि जनमानस एवं यात्रियों में विपरीत प्रचारित हुई है। कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता प्रदर्शित हुई है। मानसिंह, चौकी जीआरपी नागदा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।”
यात्रियों और सामाजिक मंचों में नाराजगी
वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया और यात्रियों में गहरी नाराजगी देखने को मिली। लोग रेलवे सुरक्षा बल पर सवाल उठा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे अनुशासनहीन कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने दी आश्वासन
जीआरपी एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा कि आरोपी आरक्षक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में ऐसे किसी भी अनुशासनहीन और घोर लापरवाही वाले कृत्यों को बर्दाश्त न किया जाए।
इस घटना ने रेलवे सुरक्षा की छवि को धक्का पहुंचाया है और प्रशासन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दबाव बढ़ा दिया है।