नरयावली।
निःशुल्क साइकिल वितरण योजना वास्तव में विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों को मुफ्त साइकिल प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें स्कूल तक आने-जाने में सुविधा मिल रही है और उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी हुई है। उक्त बात बुधवार को नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उमावि पामाखेड़ी एवं शासकीय हाई स्कूल रिछावर में आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान कही।

कार्यक्रम में शासकीय उमावि पामाखेड़ी के 78 तथा शासकीय हाई स्कूल रिछावर के 19 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। विधायक श्री लारिया ने कहा कि इस योजना के कारण स्कूल अटेंडेंस में लगभग 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तथा ड्रॉप-आउट दर में 40 प्रतिशत तक कमी आई है। योजना में बालिकाओं को प्राथमिकता दिए जाने से उनकी शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षा और आत्मनिर्भरता भी बढ़ी है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचता है, वे नियमित रूप से विद्यालय पहुँच पाते हैं और उनका स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।

विधायक श्री लारिया ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री राइज योजना के अंतर्गत प्रदेश में 9200 आधुनिक स्कूलों की स्थापना की जा रही है, जहाँ स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाएँ, लैपटॉप सहित आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इस योजना से प्रदेश के एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। साथ ही, व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 700 स्कूलों में नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक योजना, नए शाला भवनों का निर्माण तथा नए विश्वविद्यालयों की स्थापना जैसे अनेक कदम उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा रहा है। नरयावली विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षण संस्थानों तथा नगरीय एवं ग्रामीण बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है और क्षेत्र विकास के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम के दौरान शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पामाखेड़ी में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती शताब्दी वर्ष के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से अटल जी के जीवन और विचारों को चित्रों में उकेरा। विधायक श्री लारिया ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने, कक्षा में प्रथम श्रेणी प्राप्त करने तथा नियमित उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, सरपंच हेमेन्द्र ठाकुर, सरपंच राजाराम राव, प्राचार्य गोवर्धन अहिरवार, प्राचार्य शान मोहम्मद खान, शालू पांडे, सुरेंद्र तिवारी, कलेक्टर सिंह, लोकेंद्र सिंह, राजेश दुबे, अनिल तिवारी, प्रशांत तिवारी, प्रवीण पटेरिया, मनहरण अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक स्टाफ एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।