नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन मंगलवार को भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। भाजपा मुख्यालय में औपचारिक ऐलान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर करीब 55 मिनट का संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने भाजपा की कार्यसंस्कृति, कांग्रेस पर हमला और आने वाले समय की राजनीतिक दिशा पर खुलकर बात की। पीएम मोदी ने कहा,
“लोगों को लगता होगा कि मैं कम उम्र में मुख्यमंत्री बना, हेड ऑफ द गवर्नमेंट बना, लेकिन इन सबसे बड़ी बात यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। मैं मानता हूं कि अब नितिनजी मेरे बॉस हैं और मैं एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।”

कांग्रेस पर तीखा हमला
मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने पतन की समीक्षा करने की हिम्मत तक खो चुकी है। उन्होंने कहा,
“1984 में कांग्रेस को 400 से ज्यादा सीटें मिली थीं, लेकिन आज वह 100 सीटों के लिए तरस रही है। कांग्रेस अपने पतन की असली वजह नहीं खोजती, क्योंकि ऐसा करने पर उसी परिवार पर सवाल उठेंगे जिसने पार्टी पर कब्जा कर रखा है।”
घुसपैठ और राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सामने घुसपैठ एक बड़ी चुनौती है।
“भारत अपने गरीबों और युवाओं के हक को लूटने नहीं देगा। घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उनकी पहचान कर उन्हें वापस भेजना जरूरी है। वोट बैंक की राजनीति में जो दल उन्हें बचा रहे हैं, उन्हें बेनकाब करना होगा।”

चुनावी सफलता का जिक्र
मोदी ने भाजपा की हालिया चुनावी सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों ने साबित कर दिया है कि भाजपा अब सिर्फ संसद और विधानसभा ही नहीं, बल्कि नगर निगमों और नगरपालिकाओं में भी जनता की पहली पसंद बन चुकी है।
उन्होंने बताया कि बीते डेढ़-दो वर्षों में हुए छह विधानसभा चुनावों में से चार में भाजपा-एनडीए को जीत मिली है।
भाजपा की संगठनात्मक परंपरा
पीएम मोदी ने कहा,
“भाजपा एक संस्कार है, एक परिवार है। हमारे यहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप अहम है। यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, दिशा नहीं बदलती।”

नितिन नबीन का पहला संबोधन
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में नितिन नबीन ने कहा,
“हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। यह पद कोई अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी संगठन को और मजबूत करते हुए विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

जेपी नड्डा का बयान
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा उन राज्यों में भी अपनी पकड़ मजबूत करेगी, जहां अब तक पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। उन्होंने बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम और केरल का विशेष उल्लेख किया।
गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और अब वे पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति को नई धार देने की तैयारी में है।