नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 550 मरीजों को मिला उपचार !

Spread the love

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर में शासकीय आयुष विंग अस्पताल का लोकार्पण गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. श्रीमती लता वानखेड़े, कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन, श्री श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का शुभारंभ किया।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े का उद्बोधन

मुख्य अतिथि डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि आयुष अस्पताल की स्थापना से आमजन को सुलभ और किफायती उपचार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सागर स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से प्रगति कर रहा है और भविष्य में इसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।

विधायक शैलेन्द्र जैन की घोषणाएँ

विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की परंपरागत चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने घोषणा की कि बहुत जल्द सागर को कैंसर हॉस्पिटल की सौगात मिलेगी। साथ ही हृदय रोगों की एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी सर्जरी की सुविधा भी एक वर्ष के भीतर सागर में उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी यूनिट का निर्माण तेजी से जारी है, जिससे उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएँ यहीं उपलब्ध होंगी।

श्याम तिवारी का संबोधन

श्री श्याम तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि आयुर्वेद आज भारत की नई पहचान बन चुका है और लोग इसकी उपयोगिता को समझते हुए लाभ ले रहे हैं।

नि:शुल्क चिकित्सा शिविर और स्वर्ण प्राशन संस्कार

लोकार्पण अवसर पर अस्पताल परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 550 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएँ दी गईं। इसके साथ ही स्वर्ण प्राशन संस्कार आयोजित किया गया, जिसमें करीब 200 बच्चों को जड़ी-बूटियों से बनी औषधि पिलाई गई, जो बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होती है।

कार्यक्रम का संचालन और उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल सारस्वत ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. सोनल शाह ने किया। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. जोगेन्द्र सिंह, प्रभारी डॉ. रवि मिश्रा, डॉ. माधुरी जैन, डॉ. कीर्ति पटेल, डॉ. अनुभा जैन, डॉ. आशीष पटेल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *