सागर, 30 जून 2025
छोटे शहर सागर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय करने वाले सोहेल खान आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। बुल्गारिया में होने वाले कूडो वर्ल्ड कप के लिए भारत की टीम में चयन होने के बाद सोहेल का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। वे इस उपलब्धि को अपनी मेहनत, समर्पण और संघर्ष का परिणाम मानते हैं।

सोहेल ने बताया कि शुरुआती दौर में उन्हें बार-बार यह सवाल सुनना पड़ता था – “क्या तुम खेल में कुछ बड़ा कर पाओगे?” लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वर्ष 2017 में उन्हें जूनियर कूडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसके बाद सोहेल ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
वर्ष 2024 में हुए यूरेशन कप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। साथ ही, सोहेल अब तक 22 बार नेशनल कूडो चैंपियन रह चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
सोहेल खान मानते हैं कि उनकी सफलता के पीछे उनके परिवार, कोच एजाज खान, और साथियों का विशेष योगदान है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही वह हर प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ दे पाए। खेल में उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें आयकर विभाग (मुंबई सर्कल) में इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया।
सोहेल का मानना है कि यदि संकल्प मजबूत हो और दिशा सही हो, तो छोटे शहर से निकला युवा भी विश्व पटल पर देश का नाम रोशन कर सकता है। वे अपने शहर, राज्य और देश के लोगों का आभार व्यक्त करते हैं और उम्मीद जताते हैं कि आने वाले समय में वे और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर देश का मान बढ़ाएंगे।
उनका सफर यह बताने के लिए काफी है कि संघर्ष से ही सफलता का सूरज निकलता है, और सागर जैसे छोटे जिले से निकला यह सितारा अब अंतरराष्ट्रीय खेल क्षितिज पर दमकने को तैयार है।