न्यू बायपास तिराहे पर भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, तीन घायल !

Spread the love

दतिया। जिले के चिरूला थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय के सामने ग्वालियर–झांसी हाईवे स्थित उनाव न्यू बायपास रोड पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। न्यू बायपास तिराहे पर एक लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे लोडिंग वाहन क्रमांक UP 93 CT 9294 और बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली न्यू बायपास तिराहे पर टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के मडगार्ड/बोनट पर बैठे रविंद्र सेन (23) पुत्र छोटेलाल सेन, यश सेन (15) और बालाराम सेन (50) उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के कुछ ही देर बाद रविंद्र सेन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल यश सेन, बालाराम सेन तथा लोडिंग वाहन के चालक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दतिया भेजा गया, जहां तीनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन कर अपने गांव डगरई लौट रहे थे। गांव पहुंचने के लिए न्यू बायपास तिराहे से ट्रैक्टर को मोड़ना था, लेकिन इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली रॉन्ग साइड में आ गई और मोड़ पर सामने से आ रहे लोडिंग वाहन से उसकी भिड़ंत हो गई, जिससे यह हादसा हुआ।

वहीं लोडिंग वाहन में सवार बिट्टू जाटव और रवि रायकवार, निवासी झांसी, दतिया से झांसी की ओर जा रहे थे। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चिरूला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के गांव डगरई में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से न्यू बायपास तिराहे पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *