सागर, 06 मई 2025 — शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई मिसाल पेश करते हुए पं. रविशंकर शुक्ल शासकीय कन्या उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर की छात्राओं ने वर्ष 2025 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। विद्यालय की कुल 536 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं, जिससे न केवल विद्यालय बल्कि जिले को भी गर्व का अनुभव हुआ।

उल्लेखनीय परिणाम
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र प्रताप तिवारी ने बताया कि कक्षा 12वीं में कुल 355 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 348 छात्राएं प्रथम श्रेणी में सफल रहीं। इसी तरह कक्षा 10वीं में 191 में से 188 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। विज्ञान, गणित, वाणिज्य, व्यावसायिक एवं कला संकाय की सभी छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
- विज्ञान समूह: 81 छात्राएं
- गणित संकाय: 35 छात्राएं
- वाणिज्य संकाय: 24 छात्राएं
- कला संकाय: 208 छात्राएं
इन सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की। साथ ही, व्यावसायिक विषय जैसे एआई, आईटी और ब्यूटी में भी सभी छात्राओं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें विशेष योग्यता भी प्राप्त हुई।

मेधावी छात्राओं की उपलब्धियाँ
कक्षा 10वीं में जिया यादव ने 95%, हिमांशी साहू ने 94%, राधिका कोरी और मानसी राकेश सेन ने 93% अंक प्राप्त किए। वहीं काजल काछी, दीपिका साहू और हर्षिता साहू ने 92%, कृतिका कोष्टी, प्रकृति जैन और रश्मि अहिरवार ने 91% अंक अर्जित किए। गीता कुर्मी और ओजस्विनी विश्वकर्मा ने भी 90% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
12वीं की बात करें तो कला संकाय में नंदिनी कुर्मी ने 91% तथा गणित संकाय में आयूषी सोनी ने 92% अंक प्राप्त किए।
आयोजन और प्रतिक्रिया
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बन गया। शिक्षक, पालक एवं छात्राएं सुबह से ही विद्यालय परिसर में एकत्रित हो गए। प्रत्येक कक्षा के लिए परीक्षा परिणाम देखने की पृथक व्यवस्था की गई थी। इस दौरान उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
सफलताओं के पीछे की रणनीति
विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे विद्यालय द्वारा संचालित “दस्तक अभियान” और “शिक्षा सरोकार योजना” की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन योजनाओं के अंतर्गत बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के अलावा अवकाश के दिनों में और आवश्यकता अनुसार घर पर भी अध्यापन कराया गया।
इसके अलावा “केवायएस – अपने विद्यार्थी को जानें” योजना के माध्यम से शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की पारिवारिक पृष्ठभूमि को समझकर उन्हें आवश्यक शैक्षणिक और मानसिक मार्गदर्शन देते हैं। यह मानवीय और समर्पित दृष्टिकोण ही विद्यालय की लगातार श्रेष्ठ परीक्षा परिणामों का आधार बन रहा है।

सम्मान और शुभकामनाएँ
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. महेन्द्र प्रताप तिवारी के साथ बोर्ड प्रभारी श्री संदीप राय, शिक्षिकाएं श्रीमती मालिनी जैन, श्रीमती रंजीता जैन, श्रीमती सरोज जैन, श्रीमती रिकी राठौर, श्रीमती नीता मिश्रा सहित सभी संकाय शिक्षकों ने छात्राओं को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके पालकों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पं. रविशंकर शुक्ल शासकीय कन्या उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि समर्पण, रणनीति और व्यक्तिगत मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। छात्राओं की यह सफलता न केवल शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणा है, बल्कि प्रदेशभर के शासकीय विद्यालयों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237