
अब दौड़ राष्ट्रपति पुरस्कार की ओर
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय ढाना की छात्राओं शानवी शर्मा, गार्गी गर्ग और नम्रता चौरसिया ने भारत स्काउट एवं गाइड के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। हाल ही में तीनों छात्राओं ने कटनी में आयोजित राज्य स्तरीय केम्प में भाग लिया, जहाँ इन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। इनकी मेहनत और दक्षता के आधार पर इन्हें राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अब ये प्रतिभाशाली छात्राएं आगामी सत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर के शिविर में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह अवसर न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार, उप प्राचार्य कौशलेन्द्र सिंह सहित सुशील मिश्रा, राहुल हर्षे, अरुण मिश्रा, मुकेश खटीक, वंशिका सोनकर, निधि मिश्रा व अन्य शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस सफलता ने स्कूल में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है।