पीएमश्री स्कूल में शिक्षिका की अनुशासनहीनता, छात्रों से नारेबाजी और चक्काजाम कराने के आरोप में सस्पेंड !

Spread the love

सागर जिले के खुरई ब्लॉक स्थित पीएमश्री सरकारी स्कूल खिमलासा में एक शिक्षिका को अनुशासनहीनता भारी पड़ गई। छात्रों को प्रताड़ित करने और बाद में उन्हें भड़काकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी व चक्काजाम कराने के मामले में संभाग आयुक्त ने शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी और संयुक्त संचालक लोक शिक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल खिमलासा की उच्च माध्यमिक शिक्षिका दीपाली सिंघई के खिलाफ कक्षा 10वीं के छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रों का आरोप था कि शिक्षिका द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। यह मामला जब मीडिया में सामने आया, तो शिक्षिका ने इसे व्यक्तिगत रंजिश मानते हुए अपनी स्थिति सुधारने के बजाय छात्रों को उकसाने का रास्ता अपनाया।

छात्रों को भड़काने का आरोप

रिपोर्ट में कहा गया है कि शिक्षिका ने छात्रों को गुमराह कर स्कूल के प्राचार्य और अन्य शिक्षकों के खिलाफ खड़ा कर दिया। आरोप है कि उन्हीं के कहने पर छात्रों ने नारेबाजी की और स्कूल के बाहर सड़क पर चक्काजाम किया। यह पूरा घटनाक्रम बिना किसी पूर्व अनुमति या सूचना के किया गया, जिससे स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हुई।

विभाग की छवि हुई धूमिल

प्रशासन का मानना है कि इस घटना से न केवल स्कूल का अनुशासन भंग हुआ, बल्कि शिक्षा विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर ने जांच कर रिपोर्ट संभाग आयुक्त को सौंपी, जिसमें शिक्षिका को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया।

आयुक्त का सख्त रुख

सागर संभाग आयुक्त अनिल सुचारी ने रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका दीपाली सिंघई को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन और स्वेच्छाचारिता का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन के आदेश जारी किए हैं।

फिलहाल मामले में आगे की विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *