गुना शहर की प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में रविवार देर रात संगठित चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। करीब 20 बदमाशों ने कॉलोनी की चारदीवारी में चार फीट का छेद किया और बेसमेंट पार्किंग में घुसकर आधा दर्जन से ज्यादा बाइकें चोरी कर लीं। यह घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात की है।

बदमाश चोरी के दौरान कुछ बाइकें नहीं निकाल सके तो उनके टायर खोलकर ले गए और गाड़ियां वहीं छोड़ दीं। बाइकें बाउंड्री से निकालते समय कॉलोनीवासियों की नींद खुली और शोर मचाया गया, जिससे घबराकर चोर भाग निकले। कुछ लोगों ने बदमाशों को भागते हुए देखा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।

कॉलोनी में नगर पालिका द्वारा बनाए गए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत LIG और MIG फ्लैट्स हैं। पिछले एक वर्ष से यहां लोग रहने लगे हैं और पार्किंग के लिए बेसमेंट का उपयोग करते हैं। सोमवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
यह घटना कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।