पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर में मनाया जा रहा सायबर जागरूकता माह !

Spread the love

भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) के निर्देशानुसार अक्टूबर माह को सायबर जागरूकता माह (Cyber Awareness Month) के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया सागर द्वारा सायबर अपराधों के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण शाखा) श्री राजा बाबू सिंह के व्यापक दिशा-निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक सागर, श्रीमती लवली सोनी के मार्गदर्शन में यह अभियान जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।


ग्रामीण क्षेत्रों में रैली और चौपाल के माध्यम से जनजागरण

अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर के स्टाफ एवं प्रशिक्षु नव आरक्षकों ने ग्राम गुढ़ा और ग्राम बम्होरी में सायबर जागरूकता रैली का आयोजन किया।
रैली के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को चौपाल एवं व्याख्यानों के माध्यम से सायबर अपराधों के प्रकार और उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

टीम ने लोगों के बीच पैम्फलेट और बैनर वितरित कर यह संदेश दिया कि इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करें, किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या सायबर सेल को दें।


स्कूलों में भी छात्रों को किया जा रहा जागरूक

इस अवसर पर शासकीय हाई स्कूल घूघर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों को सायबर अपराधों की पहचान एवं उनसे बचने के तरीके समझाए गए।
छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक ऑनलाइन सायबर क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।


सोशल मीडिया के माध्यम से निरंतर जागरूकता

अभियान के दौरान पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से लगातार सायबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर, वीडियो और जानकारीपूर्ण संदेश साझा किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न प्रकार के सायबर अपराधों और उनसे बचने के उपायों का सरल व व्यावहारिक विवरण दिया गया है।


आकाशवाणी के माध्यम से सायबर सुरक्षा संदेश

पुलिस अधीक्षक श्रीमती लवली सोनी द्वारा आकाशवाणी सागर के श्रोताओं हेतु विशेष सायबर सुरक्षा संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने नागरिकों से डिजिटल सतर्कता अपनाने और किसी भी सायबर ठगी की स्थिति में तुरंत www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करने की अपील की।


सायबर सुरक्षा शपथ और प्रशिक्षण में भागीदारी

अभियान के दौरान प्रशिक्षण शाला के नव आरक्षकों और स्टाफ ने सायबर सुरक्षा शपथ ली, जिसमें उन्होंने सायबर अपराधों की रोकथाम और उनकी उचित रिपोर्टिंग में योगदान देने का संकल्प लिया।


अभियान में सक्रिय रहे अधिकारीगण:

इस अभियान को सफल बनाने में निरीक्षक श्री अफरोज़ खान, एसआई मिनी पाठक, सउनि उमाशंकर दुबे, आरक्षक मनीष दुबे एवं आरक्षक पवन वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *