सागर की प्रतिभाशाली पुत्री पूजा अहिरवार ने MPPSC द्वारा सहायक प्राध्यापक (भौतिकी) के पद पर चयन प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। पिछले दो वर्षों से वैज्ञानिक अधिकारी के पद पर कार्यरत पूजा ने अपने शैक्षणिक एवं पेशेवर सफर में उत्कृष्टता का प्रमाण दिया है। प्रारंभिक शिक्षा ज्ञानोदय विद्यालय, तिली से प्राप्त करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से पूरी की।

पूजा की शैक्षणिक यात्रा अत्यंत प्रेरणादायक रही है। उन्होंने NET-JRF और GATE परीक्षाओं में राष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित की, साथ ही MP-SET और गुजरात-SET जैसी राज्य स्तरीय परीक्षाओं में भी उत्तीर्ण हुई हैं। एम.एससी. (भौतिकी) में स्वर्ण पदक विजेता पूजा अहिरवार भारत सरकार की प्रतिष्ठित INSPIRE Fellowship की धारक भी हैं, जो उनके अकादमिक कौशल और मेहनत का परिचायक है।
सहायक प्राध्यापक के रूप में पूजा का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों में भौतिकी के प्रति प्रेम और अनुसंधान के लिए प्रेरणा उत्पन्न करना है। उनका मानना है कि विषय की गहन समझ के साथ-साथ छात्रों में जिज्ञासा और सीखने का उत्साह भी उत्पन्न होना चाहिए।
पूजा अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार को देती हैं। पिता श्री चंद्रभान अहिरवार का मार्गदर्शन, माता श्रीमती अनिता देवी का आशीर्वाद, पति का अटूट विश्वास और साहस, सास-ससुर का सहयोग, दादा-दादी का वात्सल्य और भाई-बहन का स्नेह—इन सभी ने उन्हें यह मुकाम हासिल करने की शक्ति दी।

पूजा अहिरवार की कहानी यह साबित करती है कि समर्पण, कठिन परिश्रम और परिवारिक समर्थन से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। उनके प्रयासों और उपलब्धियों से युवा पीढ़ी प्रेरित हो सकती है कि शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर वे भी अपने जीवन में उच्चतम लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं।