मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह की जनसेवा की भावना एक बार फिर रंग लाई है। श्री सिंह द्वारा सागर में शुरू किए गए रक्त सेवा हेल्पलाइन सेंटर के माध्यम से बीते सप्ताह 15 जून से 23 जून 2025 के बीच 13 जरूरतमंद मरीजों को 13 यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। यह सेंटर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे गरीब, बीपीएल कार्डधारी मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।

यह हेल्पलाइन सेंटर 2 जून 2025 को सागर स्थित श्री सिंह के कार्यालय में आरंभ किया गया था। इसका उद्देश्य जिले में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क, त्वरित और सुलभ रक्त उपलब्ध कराना है। सेंटर की स्थापना पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह के व्यक्तिगत प्रयासों और समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
रक्तदान शिविर से सेवा की शुरुआत
रक्त सेवा हेल्पलाइन सेंटर की स्थापना से पूर्व, श्री भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय रक्तदान शिविर में अभूतपूर्व जनभागीदारी देखने को मिली। इस शिविर में लगभग 1600 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो जिले में अब तक के सबसे बड़े रक्तदान आयोजनों में से एक माना गया। गौरतलब है कि पिछले 10 वर्षों में श्री सिंह के मार्गदर्शन में करीब 14,000 यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका है।
चौबीसों घंटे उपलब्ध है सेवा
श्री भूपेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सेवा से जुड़ने और रक्त की आवश्यकता के समय संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन सेंटर का मोबाइल नंबर 9228035418 चौबीसों घंटे चालू रहता है। इसके अतिरिक्त, नागरिक लैंडलाइन नंबर 262688 पर भी संपर्क कर सकते हैं। आपातकालीन स्थितियों में स्वयं श्री भूपेन्द्र सिंह के मोबाइल नंबर 9425171211 पर कॉल, व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।
मानवता के प्रति संकल्प
पूर्व गृहमंत्री श्री सिंह ने कहा कि, “गरीब, असहाय और बीमार लोगों की मदद करना ही मेरे जीवन का उद्देश्य है। रक्त सेवा हेल्पलाइन सेंटर मेरी इस प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूती देता है। हम हर जरूरतमंद तक रक्त पहुंचाने का पूरा प्रयास करते हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति रक्त की कमी के कारण अपने जीवन से न हारे।”
समाज में सकारात्मक संदेश
भूपेन्द्र सिंह की इस पहल ने न केवल जरूरतमंदों को राहत दी है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और सेवाभाव को भी प्रोत्साहित किया है। यह प्रयास सागर जिले में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।