पूर्व गृह मंत्री और खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मंगलवार को खुरई में 10 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले गीता भवन का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि गीता के ज्ञान से प्रकाशित यह भवन धर्म, शिक्षा, ज्ञान और संस्कारों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में फुटबॉल के राष्ट्रीय टूर्नामेंट में राज्य स्तर पर चयनित खुरई की प्रतिभाशाली छात्रा जयश्री पंत को श्री सिंह ने 25 हजार रुपये, मेडल और शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में श्री भूपेन्द्र सिंह ने गीता भवन की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं से कहा कि गीता विश्व का सर्वश्रेष्ठ ज्ञानग्रंथ है, जो जीवन जीने की कला सिखाता है।
उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और खेल के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। कैरियर चुनते समय माता-पिता की इच्छा से अधिक अपनी रुचि को महत्व देने की सलाह भी उन्होंने युवाओं को दी। श्री सिंह ने कहा— “व्यक्ति की पूजा उसकी जाति और धन से नहीं, बल्कि शिक्षा और योग्यता से होती है।”




खुरई में शिक्षा, खेल और रोजगार के नए अवसर—भूपेन्द्र सिंह
पूर्व मंत्री ने कहा कि खुरई में बेहतर स्कूल, नए पाठ्यक्रम वाले कॉलेज, अनेक जिम, इंडोर स्टेडियम और बेडमिंटन कोर्ट स्थापित किए गए हैं। 15 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, और प्रदेश का एकमात्र कृषि महाविद्यालय खुरई में स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में यूनिवर्सिटी और मेडिकल कॉलेज की स्थापना का लक्ष्य भी जल्द पूरा होगा।
खुरई में लगातार तीन वर्षों से स्वच्छता में नंबर-वन बनने पर भी उन्होंने नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
पिकनिक स्पॉट, आवासीय पट्टे और औद्योगिक विकास की जानकारी
श्री सिंह ने बताया कि हनौता बांध के पास 25 एकड़ में बन रहे पिकनिक स्पॉट में वाटर स्पोर्ट्स, रेस्टोरेंट और मनोरंजन की सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के आवासीय पट्टे अभी तक लंबित हैं, उनका सर्वे 31 दिसंबर तक किया जा रहा है। किसी भी समस्या के लिए लोग एसडीएम, सीएमओ या पार्षदों से संपर्क कर सकते हैं।
जगदीशपुरा औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि बीना नदी परियोजना का पानी मिलते ही बड़े पैमाने पर उद्योगों की स्थापना शुरू होगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
55 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम में गुरुनानक वार्ड में 35 लाख की लागत से सीसी रोड और नाली निर्माण तथा 20 लाख की लागत से आंबेडकर चौराहा से गायत्री मंदिर भूसा मंडी तक बीटी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने एकीकृत कन्या माध्यमिक शाला का निरीक्षण करते हुए इसके नवनिर्माण की घोषणा भी की।
श्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि खुरई में भविष्य में एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा, जिसके दर्शन करने देशभर से श्रद्धालु आएंगे। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों को सागर स्थित रुद्राक्ष धाम में 31 जनवरी से 6 फरवरी तक आयोजित होने वाली प्राण-प्रतिष्ठा एवं श्रीराम कथा में आने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम को वरिष्ठ पार्षद देशराज यादव, मनोज राय और रामशास्त्री शुक्ला ने संबोधित किया।
कन्यापूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। संचालन वरिष्ठ पार्षद नीति राज पटेल और विकास पांडे ने किया। आभार बलराम यादव ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्वनिधि योजना के तीन हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्नी बाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, मंडल अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
