पूर्व गृहमंत्री व खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह हनुमान प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर की बड़ी घोषणाएं

Spread the love

भटनोरा, मालथौन
पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने भटनोरा ग्राम पंचायत में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्री सिंह यहां श्री हनुमान जी के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।

पूजन-अर्चन के पश्चात श्री सिंह ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि भटनोरा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने मालथौन एसडीएम श्री मनोज चौरसिया को तत्काल जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत सचिव को हटाने के आदेश भी दिए गए हैं।

24 घंटे में जल आपूर्ति के निर्देश

श्री सिंह ने आदिवासी बस्ती में पेयजल संकट को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए जनपद सीईओ श्री सचिन गुप्ता को निर्देशित किया कि 24 घंटे के भीतर नये खनित बोर में मोटर डालकर जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पंचायत को एक पानी का टैंकर देने की घोषणा भी की और कहा कि गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति किसी भी हाल में उत्पन्न न हो।

विकास कार्यों की दी जानकारी

उन्होंने बताया कि भटनोरा ग्राम पंचायत में लगभग 50 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से कई कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। तालाब के गहरीकरण कार्य के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे गांव का जलस्तर बढ़ सके। वर्षा पूर्व अधिक से अधिक खुदाई कर आगामी वर्ष इसे पूर्ण किया जाएगा।

बिजली और सड़क की सौगात

ग्रामवासियों की मांग पर बिजली व्यवस्था सुधारने हेतु वर्तमान ट्रांसफार्मर से दोगुनी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति दी गई है। वहीं 500 मीटर लंबे सीसी रोड का कार्य शीघ्र आरंभ कराने और किशनगढ़ में खेल मैदान के निर्माण कार्य को गति देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पीएम आवास योजना में बड़ी राहत

श्री सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में 17 प्रधानमंत्री आवास पहले ही बन चुके हैं और अब माहुल खास, किशनगढ़ और भटनोरा के कुल 350 पात्र लाभार्थियों के नाम नई सूची में जोड़े गए हैं, जिससे और अधिक ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।

धार्मिक आयोजन में गूंजे संस्कार और सेवा के मंत्र

अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है। भगवान श्रीराम के रामराज्य की परिकल्पना को आज भारतीय लोकतंत्र के जरिए साकार किया जा रहा है। उन्होंने सभी से धर्मसम्मत आचरण, सेवा भाव और सद्कर्मों को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने चाणक्य के कथन “दुष्ट की संगत सांप से अधिक खतरनाक है” का उदाहरण देते हुए जनमानस को सजग रहने का संदेश दिया।

पूर्व गृहमंत्री ने यह भी कहा कि मंदिर पर जब कलश चढ़ेगा, तो वे स्वयं कलश यात्रा में भाग लेंगे।

इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर राजा राम पुरोहित, जयंत सिंह बुंदेला, राजेन्द्र सिंह दरी, पंडा जी हरदोठ, वीरसिंह, स्वरूप सिंह परमार, भगवान सिंह, हन्नू यादव, सरपंच काशीराम अहिरवार, लाड़ले आदिवासी, पंखु आदिवासी, पूरल लाल पाल, रमन यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *