पेट्रोल पंपों पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं !

Spread the love

कलेक्टर संदीप जी.आर. ने दिए तत्काल निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश

सागर, 28 जून 2025।
सागर जिले में पेट्रोल पंपों की गुणवत्ता, सुरक्षा और उपभोक्ता सुविधाओं को लेकर कलेक्टर डॉ. संदीप जी. आर. ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के सभी राजस्व, खाद्य एवं नापतौल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के समस्त पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण कर गड़बड़ियों की जांच की जाए और किसी भी अनियमितता की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मानसून के मद्देनज़र भूमिगत टैंकों की जांच अनिवार्य

कलेक्टर ने विशेष रूप से बारिश के मौसम में भूमिगत टैंकों में पानी मिलावटीकरण की संभावना को गंभीर मानते हुए कहा कि सभी पेट्रोल पंपों के टैंकों की जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को नोजल से वितरित किए जा रहे पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता की भी जांच जरूरी है।

तीन माह में सभी पंपों का अनिवार्य निरीक्षण

जिले में पदस्थ खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, नापतौल और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों का रोस्टर तैयार कर आगामी तीन माह की अवधि में सभी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। निरीक्षण पूर्व निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर किया जाए, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो।

सेल्स ऑफिसरों की जवाबदेही तय

कलेक्टर ने तेल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों की मानसून पूर्व जांच तत्काल पूर्ण कराएं। यदि किसी पंप पर अब तक यह कार्य नहीं हुआ है, तो आगामी एक सप्ताह के भीतर यह प्रक्रिया पूर्ण की जाए।

यदि निरीक्षण में कोई गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध प्रचलित नियम, अधिनियम एवं कंपनी की गाइडलाइन के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नागरिक सुविधाएं भी हों पूरी और स्वच्छ

कलेक्टर ने यह भी कहा कि पेट्रोल पंपों पर नागरिकों को मिलने वाली सुविधाएं जैसे कि निःशुल्क हवा, पीने का पानी और शौचालय की व्यवस्था भी पूरी तरह सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने शौचालयों की दैनिक सफाई और रखरखाव के भी सख्त निर्देश दिए।


कलेक्टर डॉ. संदीप जी.आर. के निर्देश सागर जिले में ईंधन वितरण प्रणाली की पारदर्शिता, गुणवत्ता और नागरिक सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम हैं। इससे उपभोक्ताओं को जहां भरोसा मिलेगा, वहीं पेट्रोल पंप संचालकों को भी अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी से निभाने का संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *