दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेवनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को जिला पंचायत से जुड़ा बताकर दो बुजुर्ग महिलाओं को फोन किया और आवास स्वीकृत होने का झांसा देकर उनसे कुल 20 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर इंदरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवास स्वीकृति का झांसा देकर मांगे पैसे
ग्राम सेवनी निवासी राजाराम परिहार पत्नी रामप्रकाश परिहार (60 वर्ष) ने इंदरगढ़ थाने में दिए आवेदन में बताया कि 17 फरवरी को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जिला पंचायत का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका ढाई लाख रुपए का प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो गया है। उसने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर 10 हजार रुपए ऑनलाइन जमा करने की बात कही।
ऑनलाइन दुकान से तीन किश्तों में कराए ट्रांसफर
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के कहने पर वह इंदरगढ़ पहुंची और अभिषेक कुशवाहा की ऑनलाइन दुकान से तीन बार में रुपए ट्रांसफर कराए। पहली बार 3,500 रुपए, दूसरी बार 2,500 रुपए और तीसरी बार 5,000 रुपए फोन-पे के माध्यम से आरोपी द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर डलवाए गए। इस दौरान दुकानदार द्वारा 200 रुपए ऑनलाइन सेवा शुल्क भी लिया गया।

दूसरी महिला से भी ठगे 10 हजार रुपए
इसी दौरान गांव की ही एक अन्य महिला अनवर खान पत्नी देवी को भी आरोपी ने फोन कर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने का झांसा दिया। राजाराम परिहार के कहने पर उन्होंने भी एक अन्य ऑनलाइन दुकान से आरोपी के बताए गए नंबर पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
राशि मिलते ही बंद हुआ मोबाइल
जैसे ही आरोपी के खाते में पैसे पहुंचे, उसका मोबाइल नंबर बंद हो गया। इसके बाद दोनों महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने इंदरगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि दोनों पीड़ित महिलाओं के आवेदन प्राप्त कर लिए गए हैं। जिन मोबाइल नंबरों पर राशि ट्रांसफर की गई है, उनके आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।