सागर, 24 सितंबर 2025: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, मकरोनिया बुजुर्ग में दिनांक 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक आयोजित सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत आज “स्वच्छता एवं स्वास्थ्य – आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत” विषय पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों और नागरिकों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सेवा भावना के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रैली का शुभारंभ नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.सी. जैन, महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह राठौर, श्री श्याम तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि श्री प्रदीप लारिया ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान का उद्देश्य “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को साकार करना है और इसके माध्यम से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.सी. जैन ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी, स्वच्छता, सेवा और जनकल्याणकारी गतिविधियों को व्यापक स्वरूप देना है। इससे नागरिकों में सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने छात्रों और नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं और इसे सफल बनाने में योगदान दें।
श्री श्याम तिवारी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान केवल सफाई अभियान नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली और सेवा भाव को संस्कृति बनाने का प्रयास माना जाना चाहिए। महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह राठौर ने विद्यार्थियों से इस अभियान को सार्थक बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर बड़तूमा स्थित प्राथमिक शाला, बस्ती और अन्य क्षेत्रों से होते हुए निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “हम सबने यह ठाना है, देश को स्वच्छ बनाना है” और “बापू ने दिया संदेश – स्वच्छ रखो भारत देश” जैसे नारों के साथ जनजागरूकता फैलायी। इस जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सेवा के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी की भावना को जागृत किया गया।
संपूर्ण आयोजन का संचालन सेवा पखवाड़ा अभियान प्रभारी डॉ. रश्मि यादव के संरक्षण में किया गया। रैली का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने उपस्थित सभी नागरिकों और छात्रों में राष्ट्रीय भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
इस प्रकार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित यह जागरूकता रैली न केवल छात्रों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सफल रही, बल्कि सेवा पखवाड़ा अभियान के संदेश को समाज में व्यापक रूप से फैलाने में भी सहायक साबित हुई।