सागर जिले के खिमलासा क्षेत्र में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं तथा पारंपरिक कारीगरों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसी योजना से प्रेरित होकर खिमलासा निवासी युवा श्री भगत सिंह कुशवाहा ने अपने प्रयास से फेब्रिकेशन वर्कशॉप स्थापित की है और स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान किया है।

श्री कुशवाहा ने बताया कि 12वीं तक पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने खुरई में वेल्डिंग कार्य सीखना प्रारंभ किया। दो वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने स्वयं का उद्यम शुरू करने का निर्णय लिया। बैंक और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के मार्गदर्शन में उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन स्वीकृति के बाद उन्हें 10 दिवसीय ऑनलाइन उद्यमिता विकास प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें उद्यमिता, लेखांकन, कराधान, विपणन और कौशल विकास की जानकारी दी गई।

उनके फेब्रिकेशन प्रोजेक्ट की कुल लागत 20 लाख रुपये थी, जिसमें बैंक द्वारा मशीनरी हेतु 13 लाख और कच्चे माल हेतु 7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद मशीनों की स्थापना की गई।
आज उनकी वर्कशॉप में अलमारी, पेटी, कूलर आदि का निर्माण किया जा रहा है और 8 कारीगरों को रोजगार प्राप्त है। उन्हें शासन से 7 लाख रुपये की सब्सिडी का लाभ भी मिला। श्री कुशवाहा का कहना है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में अत्यंत प्रभावशाली योजना है और इससे नई पीढ़ी आत्मनिर्भर बन सकती है।