प्राकृतिक खेती अपनाएं, स्वस्थ रहें: जैविक हाट बाजार के शुभारंभ पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना का संदेश !

Spread the love

सागर। सभी लोग प्राकृतिक खेती के उत्पादों का उपयोग करें और स्वस्थ रहें। यह विचार मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने रविवार को पुलिस ट्रेनिंग ग्राउंड, सागर में आयोजित जैविक–प्राकृतिक हाट बाजार के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने प्राकृतिक खेती करने वाले किसान भाइयों से संवाद करते हुए कहा कि रासायनिक मुक्त खेती न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री धीरज सिंह, श्री सुखदेव मिश्र, श्री शैलेंद्र सिंह, श्री संतोष पटेल, श्री रजनीश यादव, श्री आकाश चौरसिया, श्री विनय मालिया, श्री अविनाश रावत, कृषि उपसंचालक श्री राजेश त्रिपाठी, श्री एम.के. प्रजापति, श्री अनिल राजपूत, श्री आशीष त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्राकृतिक खेती करने वाले किसान उपस्थित रहे।

जैविक उत्पाद अपनाएं, कैंसर से बचाव संभव: विधायक शैलेंद्र जैन

सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने जैविक हाट बाजार के उद्घाटन समारोह में कहा कि जैविक और प्राकृतिक उत्पादों को अपनाकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग संकल्प लें कि सागर जिले में केवल प्राकृतिक खेती और उसके उत्पादों का ही उपयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत माता की भूमि पर जैविक खाद का उपयोग कर हम धरती का सम्मान करें और स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ें। विधायक श्री जैन ने यह भी घोषणा की कि आने वाले प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर जैविक हाट बाजार आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग प्राकृतिक उत्पादों से जुड़ सकें।

प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को मिलेगा सम्मान

विधायक श्री जैन ने कहा कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों की सभी प्रकार की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने किसान श्री आकाश चौरसिया की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और अपने प्रयासों से सागरवासियों को इस मुहिम से जोड़ रहे हैं।

कृषि मंत्री ने किया हाट बाजार का अवलोकन

कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने फीता काटकर जैविक–प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने किसानों द्वारा लगाए गए जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से सीधी चर्चा कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्राकृतिक खेती के उत्पादों को अपनाएं और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा दें।

300 से अधिक लोगों ने की जैविक उत्पादों की खरीदारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को आयोजित इस जैविक हाट बाजार में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पुलिस ट्रेनिंग ग्राउंड पहुंचे। करीब 370 से अधिक लोगों ने लगभग ₹50,000 से अधिक की जैविक सब्जी और फलों की खरीदारी की। इससे स्पष्ट है कि शहरवासियों में प्राकृतिक और जैविक उत्पादों के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ रही है।

जैविक हाट बाजार का यह शुभारंभ सागर जिले में प्राकृतिक खेती को नई पहचान देने और स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *