प्रेम विवाह की जिद में नाबालिग लड़की 50 मीटर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ी, डेढ़ घंटे बाद सुरक्षित उतरी !

Spread the love

देवास | जिले के सतवास तहसील अंतर्गत ग्राम धासड़ में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की प्रेमी से शादी करने की जिद में करीब 50 मीटर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया है। लड़की को टॉवर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

गांव वालों के मुताबिक लड़की अपने पसंद के युवक से विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक और लड़की का गोत्र एक होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। तनाव में आकर लड़की टॉवर पर चढ़ गई और साफ कह दिया कि जब तक उसकी बात नहीं मानी जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी।

नीचे उतरने से किया इनकार, छलांग लगाने की दी धमकी
मोबाइल टॉवर पर चढ़ने के बाद लड़की करीब डेढ़ घंटे तक ऊपर ही बैठी रही। जब कुछ ग्रामीण उसे समझाने के लिए टॉवर पर चढ़ने लगे, तो उसने छलांग लगा देने की धमकी दे दी। इससे मौके पर मौजूद लोगों की चिंता और बढ़ गई। टॉवर के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

युवक और परिजनों की समझाइश पर मानी
स्थिति को गंभीर देख ग्रामीणों की पहल पर लड़की के प्रेमी को भी मौके पर बुलाया गया। युवक और उसके परिजनों ने लड़की से बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद लड़की का गुस्सा और तनाव कम हुआ और वह टॉवर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गई।

पुलिस पहुंचने से पहले उतरी नीचे
सतवास थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले ही ग्रामीणों और परिजनों की समझाइश पर लड़की सुरक्षित नीचे उतर आई थी। उन्होंने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *