पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देश पर फरार स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहरोल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में गठित टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक स्थायी गिरफ्तारी वारंटी भी शामिल है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के अपराध क्रमांक 119/18 में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे रामसेवक पिता तुलसीराम अहिरवार (निवासी ग्राम मगरधा, थाना बहरोल) को दबोच लिया। इसके अलावा टीम ने रूपेश पिता सुल्तान यादव (उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम नीमोन) और मेहरबान पिता रमेश यादव (उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम मऊ) को भी गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय बंडा में पेश किया गया, जहाँ से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें उप-जेल बंडा भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह लोधी, प्रधान आरक्षक प्रमोद बागरी, आरक्षक विवेक भारके, अनिल पटेल और पुष्पेंद्र जादौन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई जिलेभर में जारी रहेगी ताकि कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।