बंडा थाना पुलिस ने खैर की लकड़ी से भरा पिकअप पकड़ा, दो युवक हिरासत में !

Spread the love

सागर | सागर जिले की बंडा थाना पुलिस ने मंगलवार को खैर की लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा। यह कार्रवाई कांटी रोड पर की गई, जहां पिकअप में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया गया। लकड़ी परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने वाहन और आरोपियों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया, जो अब आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 95 एटी 2375 में अवैध रूप से खैर की लकड़ी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजलि उदेनिया ने टीम गठित कर कांटी रोड पर चेकिंग लगाई। कुछ ही देर में मुखबिर के बताए अनुसार पिकअप आता दिखा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया।

दस्तावेज नहीं दिखा पाए आरोपी

पिकअप में सवार युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम गौरीशंकर लोधी और देवेंद्र सिंह ठाकुर बताए, जो बल्देवगढ़ के निवासी हैं। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें खैर की लकड़ी भरी हुई पाई गई। जब पुलिस ने लकड़ी परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने पिकअप और लकड़ी जब्त कर ली।

वन विभाग करेगा आगे की कार्रवाई

मामले की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बंडा थाने पहुंची। पुलिस ने जब्त वाहन, खैर की लकड़ी और दोनों हिरासत में लिए गए युवकों को वन विभाग को सौंप दिया। अब वन अधिनियम के तहत आगे की जांच और कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *