सागर। जिले के सरस्वती विद्यालय बंडा में मुस्कान अभियान के तहत युवाओं के मध्य जागरूकता और व्यक्तित्व विकास हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) बंडा) श्री प्रदीप वाल्मीकि ने विद्यार्थियों को प्रेरक और मार्गदर्शक उद्बोधन दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित आहार, योग-व्यायाम, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर सकारात्मक सोच और सृजनात्मक व्यक्तित्व बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने आत्मविश्वास, साहस, लक्ष्य निर्धारण और जुझारूपन के महत्व पर जोर दिया।

एसडीओपी ने युवाओं को सजग नागरिक बनकर सुरक्षित और सुदृढ़ समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका समाधानात्मक उत्तर एसडीओपी द्वारा दिया गया। विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों ने श्री प्रदीप वाल्मीकि के मार्गदर्शन की सराहना की।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मनिर्भरता, जागरूकता और नैतिक मूल्यों का विकास करना है, जिससे वे समाज में जिम्मेदार और सजग नागरिक के रूप में उभर सकें।