बड़वानी में खंडवा–वडोदरा नेशनल हाईवे पर सड़क धंसी, 6 फीट गहरा गड्ढा, ट्रैफिक करीब एक घंटे तक ठप !

Spread the love

बड़वानी में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 347 बी का एक हिस्सा अचानक धंस गया। यह सड़क मध्य प्रदेश और गुजरात को जोड़ती है। घटना छोटे कसरावद गांव के नर्मदा नदी के करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे पुल से कुछ किलोमीटर पहले हुई। सड़क धंसने के कारण करीब 6 फीट गहरा गड्ढा बन गया, लेकिन हादसे के समय गनीमत रही कि कोई वाहन या राहगीर उस वक्त वहां से गुजर नहीं रहा था। हालांकि, इस वजह से करीब एक घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहा।

पुलिस और नगर निगम ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। पुल के एप्रोच रोड के आधे हिस्से से वाहनों को एक-एक कर निकालकर गड्ढे में मुरम भरा गया। इस मार्ग से दिनभर में करीब 10 हजार वाहन गुजरते हैं।

धंसने की वजह पानी की पाइपलाइन
अधिकारियों के अनुसार, सड़क के नीचे से गुजर रही पानी की पाइपलाइन अधिक प्रेशर के कारण फूट गई, जिससे मिट्टी धंस गई और सड़क में गड्ढा बन गया। राहगीरों ने एहतियातन गड्ढे के आसपास बैरिकेड और पत्थर रख दिए थे ताकि किसी वाहन या व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग दिनभर व्यस्त रहता है। दिन में वाहन चालक सावधानी से गुजर सकते हैं, लेकिन रात में अंधेरा होने और पुल पर स्ट्रीट लाइट्स न होने के कारण हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।

ट्रैफिक जाम और मरम्मत
सड़क धंसने के कारण नर्मदा पुल पर जाम लग गया था। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के इंजीनियर विनोद कुमार सेन ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, उनकी टीम मौके पर पहुंची और करीब 3 घंटे में गड्ढे की मरम्मत कर दी गई। फिलहाल सड़क सुरक्षित होने के बाद ट्रैफिक बहाल कर दिया गया है।

यह घटना सड़क और पुलों की नियमित देखभाल और निगरानी की जरूरत को फिर से उजागर करती है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मरम्मत पूरी होने तक मार्ग पर सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *