बड़ा तालाब किनारे 50 मीटर क्षेत्र का सीमांकन शुरू !

Spread the love

राजधानी भोपाल में बड़ा तालाब (ऊपरी झील) के किनारे 50 मीटर क्षेत्र में अतिक्रमण की जांच और सीमांकन की कार्रवाई सोमवार से फिर शुरू कर दी गई। टीटी नगर एसडीएम कार्यालय की टीम ने नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों के साथ मिलकर यह अभियान भदभदा स्थित सेवनिया गौंड क्षेत्र से शुरू किया। प्रशासनिक टीम मंगलवार को भी सीमांकन की कार्रवाई जारी रखेगी।

एफटीएल सीमा में मिला संपत्ति का हिस्सा

प्रशासन द्वारा जहां से सीमांकन की शुरुआत की गई, वहां आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा की सास रेखा तिवारी के नाम दर्ज संपत्ति का एक हिस्सा एफटीएल (फुल टैंक लेवल) की सीमा के भीतर पाया गया है।

बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले लोकायुक्त, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सौरभ शर्मा की संपत्तियों की जांच की थी। उस समय उनकी कई संपत्तियों को जांच के दौरान अटैच भी किया गया था।

जमीन पर आते-जाते थे सौरभ और सहयोगी

सूत्रों के अनुसार, इस जमीन पर सौरभ शर्मा और उसके सहयोगी चेतन गौर और शरद जायसवाल का आना-जाना रहता था। बताया जा रहा है कि उनकी निगरानी में यहां रो-हाउस निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा था, हालांकि यह निर्माण मुख्य क्षेत्र से कुछ दूरी पर बताया जा रहा है।

1 किलोमीटर क्षेत्र में 10 अतिक्रमण चिन्हित

सीमांकन के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने करीब 1 किलोमीटर क्षेत्र में 10 अतिक्रमण चिन्हित किए हैं। इनमें से 9 अतिक्रमण निजी व्यक्तियों द्वारा किए गए पाए गए हैं।

इन अतिक्रमणों में फेंसिंग, स्विमिंग पूल और टीन शेड जैसे निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा सैर-सपाटा (पर्यटन स्थल) का कुछ हिस्सा भी एफटीएल से 50 मीटर के दायरे में पाया गया है।

लाल निशान लगाकर चिह्नित किए निर्माण

प्रशासनिक टीम ने सीमांकन के बाद अतिक्रमण के दायरे में आने वाले निर्माणों पर लाल निशान लगाकर उन्हें चिह्नित किया है। इससे आगे की कार्रवाई में आसानी होगी।

प्रशासन की टीम कर रही कार्रवाई

इस अभियान में तहसीलदार कुणाल रावत, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, नगर निगम, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

तहसीलदार ने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों की सूची तैयार की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य बड़ा तालाब के आसपास पर्यावरण और जल स्रोत की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *