बण्डा में शांति समिति की बैठक, नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण !

Spread the love

बण्डा। नवरात्रि पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से बुधवार शाम तहसील कार्यालय बण्डा में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम श्री रवीश श्रीवास्तव ने की, जबकि एसडीओपी श्री प्रदीप बाल्मीकि, तहसीलदार मोहित जैन, थाना प्रभारी अंजली उदैनिया सहित समिति के सदस्य विजयकांत त्रिपाठी, अर्जुन सिंह राणा, पन्ना ठाकुर, रफीक सिद्दीकी, शालू सराफ और राजेश आठिया मौजूद रहे।

बैठक में एसडीएम श्रीवास्तव ने आयोजकों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके। तहसीलदार मोहित जैन ने आयोजकों को शराब पीकर वाहन न चलाने की हिदायत देते हुए कहा कि समिति सदस्यों के मोबाइल नंबरों की सूची पुलिस थाने में अनिवार्य रूप से जमा की जाए।

एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि ने कहा कि किसी भी आयोजन में डीजे की आवाज़ 72 डेसिबल से अधिक नहीं होनी चाहिए। शराब की बिक्री और सेवन पर पूर्ण रोक रहेगी। प्रत्येक आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे और वैध विद्युत कनेक्शन अनिवार्य होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति स्वयं चंदा संग्रह नहीं करेगी और जनता से जबरन चंदा वसूली नहीं की जाएगी।

बाल्मीकि ने आगे कहा कि नशाखोरी, अनुचित नारेबाजी और बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिमा स्थापना पर प्रतिबंध रहेगा। विसर्जन सामग्री मिट्टी से निर्मित होनी चाहिए और किसी भी अव्यवस्था की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए वालंटियर नियुक्त किए जाएंगे।

अंत में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित आयोजन समिति की होगी। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्व को मिलजुलकर, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *