बन रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल और प्रशिक्षण भवन का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया

Spread the love

सागर, 05 सितम्बर 2025
सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में तेजी से बदलते विकास परिदृश्य को नई दिशा मिल रही है। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार को यहां निर्माणाधीन आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल और प्रशिक्षण भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का गहन अवलोकन कर अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य शीघ्रता, पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए।


आधुनिक सुविधाओं से सजेगा राहतगढ़

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि राहतगढ़ का यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल महानगरों के मॉल्स को टक्कर देगा। यहां पर मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट्स, व्यवस्थित दुकानों, फूड कोर्ट, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और अत्याधुनिक पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह कॉम्प्लेक्स केवल खरीदारी का केंद्र नहीं होगा, बल्कि नागरिकों के लिए मनोरंजन, रोजगार और सामाजिक मेलजोल का भी हब बनेगा। इस परियोजना से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिलेंगे।


युवाओं के लिए प्रशिक्षण भवन

मंत्री राजपूत ने कहा कि राहतगढ़ में बन रहा प्रशिक्षण भवन क्षेत्र के युवाओं के लिए कौशल विकास का केंद्र बनेगा। यहां विभिन्न प्रकार की तकनीकी और व्यवसायिक ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा,

“सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का हर युवा रोजगार से जुड़ सके। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में कई योजनाएं इसी उद्देश्य से संचालित हैं।”


आधुनिक बस स्टैंड की योजना

निरीक्षण के दौरान मंत्री राजपूत ने प्रस्तावित आधुनिक बस स्टैंड की चिन्हित जगह का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैंड को इस प्रकार तैयार किया जाए कि यात्रियों को हर सुविधा उपलब्ध हो — प्रतीक्षालय, शुद्ध पेयजल, साफ शौचालय, पार्किंग, टिकट काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था


राहतगढ़ बाजार का कायाकल्प

उन्होंने बताया कि राहतगढ़ के मुख्य बाजार को भी महानगरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। दुकानों का स्वरूप व्यवस्थित होगा, पार्किंग की सुविधा बढ़ाई जाएगी और संपूर्ण क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे बाजार क्षेत्र सुरम्य और आकर्षक बनेगा।


पर्यटन में उभरता सितारा

मंत्री राजपूत ने राहतगढ़ के प्रसिद्ध वॉटरफॉल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके सौंदर्यीकरण और बेहतर प्रबंधन के बाद यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ी है। अब मॉल, मल्टीप्लेक्स और आधुनिक बाजार की सुविधाओं से राहतगढ़ पर्यटन और व्यापार दोनों ही दृष्टि से नई पहचान बनाएगा।


निरीक्षण में मौजूद रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

निरीक्षण कार्यक्रम में एसडीएम आशोक सेन, तहसीलदार निर्मल राठौर, पटवारी दिनेश राय, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर दीपक ढिमोले, थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रियंक तिवारी, सुरेंद्र रघुवंशी, विनोद ओसवाल, विनोद कपूर, आयुष श्रीवास्तव, नेकीराम खटीक, रामनाथ कुर्मी, अमित राय, दीपक जैन डैनी, याकूब मंसूरी, रामकुमार राय, रामकुमार यादव, विशाल खटीक, राहुल जैन, अनुराग पाठक, सतीश तिवारी, श्रीराम देवालिया, नईम मंसूरी, अतीक कुरैशी, सलीम रंगरेज, अख्तर उसमानी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *