गुना जिले की बमोरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विभिन्न ग्राम पंचायतों में होली पर्व के अवसर पर होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और पारंपरिक तरीके से किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया।
झागर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित हुए। चौकी प्रभारी अनिल कदम अपने पुलिस स्टाफ के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहे और ग्राम पंचायत बर्रूखेड़ी, बक्शनपुर, झागर, धाननखेड़ी, सूजाखेड़ी, खड़कपुर, सामरसीगां और बनेह सहित आसपास के गांवों में जाकर लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की।

इन गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक होली मिलन समारोह में भाग लिया। गांवों में पारंपरिक लोकगीतों और आपसी मेल-मिलाप के साथ होली पर्व की खुशियां साझा की गईं।
होली मिलन समारोह के दौरान बुजुर्गों ने बच्चों को गुलाल लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं बच्चों ने भी बड़ों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयां खिलाईं और सुख-समृद्धि की कामना की।
ग्रामीणों ने कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। इस प्रकार के होली मिलन समारोह सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल के साथ होली पर्व मनाया गया।