बरदौरा में NSS शिविर का छठवां दिन उत्साहपूर्वक संपन्न !

Spread the love

सागर। शासकीय कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम बरदौरा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन छात्राओं ने रचनात्मक गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के साथ सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम अधिकारी मृणालिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने गांव में श्रमदान कर स्वच्छता और हरियाली का संदेश दिया।

श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश

छात्राओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर साफ-सफाई अभियान चलाया और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया। इस दौरान उन्हें ग्रामीण जीवन की सादगी, परिश्रम और सामुदायिक सहयोग की भावना को करीब से समझने का अवसर मिला। छात्राओं ने पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी जागरूकता फैलाई।

प्राचार्या ने लिया फीडबैक

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रश्मि जैन शिविर स्थल पहुंचीं और छात्राओं से उनके अनुभव साझा किए। छात्राओं ने बताया कि शिविर ने उन्हें एकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता का महत्व सिखाया।

छात्रा सुरभि अहिरवार और पार्वती सेन ने बताया कि उन्होंने पहली बार सामूहिक रूप से भोजन बनाना सीखा, जो उनके लिए यादगार अनुभव रहा।

स्वास्थ्य परीक्षण और बौद्धिक चर्चा

शिविर के अंतर्गत छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। बौद्धिक सत्र में डॉ. उमा लवानिया ने पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार और स्वच्छ वातावरण को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।

भजन प्रतियोगिता में उत्साह

ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजित भजन प्रतियोगिता में कौशल्या प्रथम स्थान पर रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशि भदौरिया ने किया।

शिविर के माध्यम से छात्राओं ने न केवल सामाजिक सेवा का अनुभव प्राप्त किया, बल्कि ग्रामीण समाज के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित किया। आयोजकों ने बताया कि शेष दिनों में भी विभिन्न जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *