बरोदिया कलां में मिलेगा आधुनिक सुविधाओं से युक्त आडिटोरियम, 4.61 करोड़ की लागत से होगा निर्माण !

Spread the love

गीता भवन की तर्ज पर बनेगा बहुउद्देशीय सभागार, पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों को मिली सफलता

सागर, 8 अक्टूबर 2025 – सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद बरोदिया कलां में आम जनता के लिए एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के तहत बरोदिया कलां में 460.97 लाख रुपए (लगभग 4.61 करोड़) की लागत से एक भव्य और आधुनिक आडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। यह आडिटोरियम सागर शहर स्थित गीता भवन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, जिसमें आधुनिक ध्वनि, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था होगी।

पूर्व गृहमंत्री के प्रयास लाए रंग

इस महत्वपूर्ण परियोजना के पीछे पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह की दूरदर्शिता और सतत प्रयास माने जा रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में इस प्रस्ताव को मध्यप्रदेश शासन के समक्ष प्रस्तुत किया था, जिसे स्वीकार करते हुए शासन ने इसे मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना में सम्मिलित कर लिया। इसके बाद संबंधित निर्माण एजेंसी, कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, सागर संभाग को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निविदा प्रक्रिया पूर्ण, निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा

सूत्रों के अनुसार, आडिटोरियम निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अब शीघ्र ही निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह आडिटोरियम स्थानीय सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा।

जनसुविधा के लिए एक मील का पत्थर

बरोदिया कलां जैसे कस्बे में इस तरह का आधुनिक आडिटोरियम पहले कभी नहीं था। इससे क्षेत्र की जनता को कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, सभाओं और अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए एक उचित मंच उपलब्ध हो सकेगा। इससे न केवल बरोदिया कलां, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।

विधायक भूपेन्द्र सिंह ने जताया आभार

इस अवसर पर विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “बरोदिया कलां क्षेत्र के विकास के लिए यह आडिटोरियम एक बड़ी सौगात है। इससे नगर के नागरिकों को अत्याधुनिक सुविधा प्राप्त होगी और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *