बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप में भारत आना तय करेगा आज, ICC ने सुरक्षा और ग्रुप बदलने की मांग खारिज की !

Spread the love

ढाका/नई दिल्ली: 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने वाले ICC टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की टीम के शामिल होने को लेकर गुरुवार को बांग्लादेश सरकार की बैठक बुलाई गई है। खेल सलाहकार आसिफ नजरुल द्वारा बुलाई गई इस बैठक में तय होगा कि राष्ट्रीय टीम भारत आएगी या नहीं। बैठक ढाका के होटल इंटरकॉन्टिनेंटल में दोपहर 3 बजे होगी।

ICC ने बांग्लादेश की मांग खारिज की

21 जनवरी को ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मांग को खारिज कर दिया, जिसमें टीम के भारत की बजाय श्रीलंका में मैच खेलने का अनुरोध था। BCB ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। ICC बोर्ड की बैठक में 16 में से 14 देशों ने BCB के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया, केवल पाकिस्तान ने समर्थन किया। ICC ने साफ किया कि टूर्नामेंट के शेड्यूल और वेन्यू में कोई बदलाव नहीं होगा, हालांकि BCB को विचार के लिए एक अतिरिक्त दिन दिया गया।

खिलाड़ियों से सीधे संवाद

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में सरकार का आधिकारिक रुख खिलाड़ियों को बताया जाएगा और उनकी राय भी ली जाएगी। आसिफ नजरुल खिलाड़ियों को मौजूदा हालात और संभावित विकल्पों की पूरी जानकारी देंगे।

बांग्लादेश के टी-20 कप्तान लिटन दास ने मंगलवार को कहा था, “वर्ल्ड कप अभी बहुत दूर है। हमें अभी नहीं पता कि हम जाएंगे भी या नहीं। पूरी बांग्लादेश टीम सस्पेंस में है।

बांग्लादेश हटता है तो स्कॉटलैंड को जगह

अगर बांग्लादेश वर्ल्ड कप से हटता है, तो उनकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिलेगा। स्कॉटलैंड यूरोपियन क्वालिफायर में नीदरलैंड और इटली के बाद नंबर-3 पर था। स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में जगह मिलेगी और बांग्लादेश के सारे मैच खेलेगा।

मौजूदा शेड्यूल

बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। उनके तीन ग्रुप मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होंगे और आखिरी ग्रुप स्टेज मैच मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेला जाएगा। 17 जनवरी को BCB ने ग्रुप बदलने की मांग की थी ताकि उन्हें सभी मैच श्रीलंका में खेलना पड़े और सुरक्षा की चिंता कम हो, लेकिन ICC ने इसे खारिज कर दिया।

मुस्तफिजुर रहमान IPL विवाद

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले के कारण BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद KKR ने 3 जनवरी को उन्हें रिलीज कर दिया। BCB ने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में वेन्यू बदलने की मांग की थी।

मुस्तफिजुर को 9.2 करोड़ रुपए में KKR ने खरीदा था, लेकिन भारत में सुरक्षा चिंताओं के चलते उन्हें खेलने से रोका गया। इस मामले ने बांग्लादेश और भारत के बीच खेल और सुरक्षा विवाद को और बढ़ा दिया है।

अब आगे क्या होगा

बांग्लादेश सरकार की बैठक में खिलाड़ियों की राय के बाद ही तय होगा कि टीम भारत में ग्रुप-सी मैच खेलेगी या टूर्नामेंट से हट जाएगी। बैठक के फैसले से वर्ल्ड कप के ग्रुप-सी मुकाबलों के भविष्य पर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *