बागेश्वर धाम के नाम पर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार !

Spread the love

छतरपुर। बागेश्वर धाम सरकार से मुलाकात कराने का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपए की ठगी करने वाले फरार आरोपी महेंद्र दुबे को छतरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को बागेश्वर धाम का शिष्य बताकर पीड़िता से विश्वासघात करता रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सिविल लाइन पुलिस ने उसे चित्रकूट से गिरफ्तार कर बुधवार शाम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया

शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महेंद्र दुबे ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

बागेश्वर धाम सरकार से मिलवाने के नाम पर ऐंठे पैसे

आरोपी ने खुद को बागेश्वर धाम सरकार का करीबी और शिष्य बताकर पीड़िता को विश्वास में लिया। उसने पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कराने और कृपा दिलाने का झांसा देकर युवती से करीब ढाई लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में वसूल लिए।

वीडियो डिलीट करने के बहाने बुलाकर की मारपीट

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने वीडियो डिलीट करने का झांसा देकर उसे बड़े बगराजन क्षेत्र में बुलाया। वहां उसने युवती के साथ मारपीट की और उसके सोने-चांदी के गहने तथा मोबाइल फोन छीन लिए। इस घटना के बाद पीड़िता पूरी तरह टूट गई और उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

दो थानों में दर्ज कराई गई शिकायत

घटना के बाद पीड़िता ने पहले सिटी कोतवाली और फिर सिविल लाइन थाना में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ठगी, ब्लैकमेलिंग और लूट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।

चित्रकूट से गिरफ्तारी

सिविल लाइन टीआई सतीश ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के माध्यम से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और उसे चित्रकूट से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद बुधवार शाम आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह और कितनी महिलाओं को झांसे में लेकर ठगी या अपराध किए हैं। मामले को लेकर पुलिस सतर्क है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *