छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में शनिवार सुबह परिक्रमा के दौरान 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मदरियापुर गांव निवासी रामानंद के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, हालांकि परिजनों को इसकी जानकारी देर रात मिल सकी।
उपचार और मन्नत के लिए आया था परिवार
मृतक के पिता कैलाश ने बताया कि रामानंद उनका इकलौता बेटा था और लंबे समय से बीमार चल रहा था। वह ठीक से बोल नहीं पाता था और उसे खाने-पीने में भी दिक्कत होती थी। बेटे के इलाज और मन्नत के लिए परिवार पहली बार बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आया था।

परिक्रमा के दौरान हुआ बेहोश
पिता के अनुसार, शनिवार को परिक्रमा करते समय रामानंद ने पानी मांगा। भीड़ अधिक होने के कारण कैलाश पानी लेने गए और दूसरे रास्ते से लौटे, लेकिन बेटा वहां नहीं मिला। काफी तलाश के बाद सेवादारों ने बताया कि युवक परिक्रमा के दौरान बेहोश होकर गिर पड़ा था, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए धाम के अस्पताल ले जाया गया।
रात करीब 10 बजे जब पिता अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि हालत गंभीर होने पर रामानंद को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शव गांव भेजने की व्यवस्था
बागेश्वर धाम प्रबंधन की ओर से शव को फतेहपुर जिले के मदरियापुर गांव भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। रात करीब 11 बजे परिजन शव लेकर उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए। छतरपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।