सागर। छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित सप्तम सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव उल्लास और आनंद के वातावरण में प्रारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन के तहत 300 कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हल्दी रस्म के साथ की। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से मंडप पूजन संपन्न कराया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन संस्कृति की अलख जगाने का कार्य किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गत वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा यहां कैंसर अस्पताल की सौगात प्रदान की गई थी, जिससे क्षेत्र को बड़ी सुविधा मिली है।

विशेष परिस्थितियों की बेटियों का होगा विवाह
महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित मुख्य विवाह समारोह में बिना माता-पिता की 7 बेटियां, केवल पिता विहीन 138, केवल माता विहीन 28 कन्याएं, 8 दिव्यांग बेटियां तथा 39 अत्यंत गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विवाह संस्कार 16 संस्कारों में विशेष महत्व रखता है और सामूहिक विवाह से अनावश्यक खर्च पर रोक लगती है तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी महाशिवरात्रि पर 3 हजार कन्याओं का विवाह आयोजित किया जाएगा। साथ ही बसंत पंचमी, अक्षय तृतीया और देवउठनी एकादशी जैसे अबूझ मुहूर्तों पर होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में प्रत्येक कन्या को 51-51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर धाम की देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान है और यहां से सनातन संस्कृति को सशक्त करने का संदेश जाता है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनरुत्थान और अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और परोपकारी कार्यों में साथ है।

पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन हिंदुत्व और प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने गौवंश संरक्षण, गौशालाओं के उत्थान और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
स्थानीय विधायक अरविंद पटेरिया ने स्वागत उद्बोधन दिया और धाम द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राज्य मंत्री लखन पटेल, राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पूर्व राज्य मंत्री ललिता यादव, विधायक राजेश शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर पार्थ जायसवाल और पुलिस अधीक्षक अगम जैन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री का स्मृति चिन्ह, चित्र और हल भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में नवदंपत्तियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।