सागर जिले के बंडा बायपास रोड पर तेंदुआ दिखाई देने के बाद आसपास के रहवासी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। शुक्रवार रात बंडा में कॉलेज के पीछे बायपास रोड पर राहगीरों ने तेंदुए को सड़क किनारे चलते देखा और उसका वीडियो भी बनाया। बताया जा रहा है कि कार की लाइट पड़ते ही तेंदुआ सड़क किनारे मिट्टी के ढेर के पीछे छिप गया और कुछ देर बाद सड़क पार कर अंधेरे में ओझल हो गया।



शनिवार को भी बंडा–बांदरी मार्ग पर खेतों के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल व खेतों में सर्चिंग अभियान चलाया, हालांकि तेंदुआ नजर नहीं आया। सर्चिंग के दौरान एक खेत में तेंदुए के संदिग्ध पगमार्क जरूर मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
जिस क्षेत्र में तेंदुए की मूवमेंट बताई जा रही है, उसके आसपास घनी आबादी वाला रहवासी इलाका है, जिससे लोग डरे हुए हैं। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि रात के समय सावधानी बरतें, अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।