इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में लापरवाही से किए जा रहे निर्माण कार्य के चलते एक मजदूर की जान चली गई। घटना संपत ग्रीन कॉलोनी के प्लॉट नंबर 279 पर निर्माणाधीन इमारत में हुई, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने 22 वर्षीय मजदूर की जिंदगी छीन ली।
काम करते वक्त टूटी लिफ्ट की वेल्डिंग
पुलिस के अनुसार देवास जिले के ग्राम पागडी निवासी सत्यनारायण 22 नवंबर को इमारत की तीसरी मंज़िल पर काम कर रहा था। इस दौरान लिफ्ट की वेल्डिंग अचानक टूट गई और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूरों ने तुरंत उसे नोबल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
कनाडिया पुलिस की जांच में यह साफ हुआ कि निर्माण स्थल पर कोई भी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी—न सेफ्टी बेल्ट, न हेलमेट और न ही मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई मानक प्रक्रिया।
पुलिस के मुताबिक यह स्पष्ट लापरवाही ठेकेदार की जिम्मेदारी बनती है।
ठेकेदार टीकम पर एफआईआर
जांच के आधार पर पुलिस ने ठेकेदार टीकम को हादसे का जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ लापरवाही से मौत (IPC 304A) का प्रकरण दर्ज किया है।
चौकीदार ने बताया—वेल्डिंग टूटने से हुआ हादसा
मौके पर मौजूद चौकीदार कमल चौहान ने अपने बयान में कहा कि लिफ्ट की वेल्डिंग टूटने के कारण सत्यनारायण नीचे गिरा था। घटना की जानकारी ठेकेदार को दी गई थी, लेकिन वह काफी देर बाद मौके पर पहुंचा।

पुलिस अब घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की भी पड़ताल जाएगी। मजदूरों की सुरक्षा के प्रति बढ़ती लापरवाहियों पर यह मामला फिर सवाल खड़ा करता है।