बीना की उज्जवल विहार और रहस्य कॉलोनी में रेलवे वाहनों की आवाजाही से परेशान लोग !

Spread the love

बीना: नानक वार्ड के उज्जवल विहार और रहस्य कॉलोनी के निवासियों ने लगातार रेलवे वाहनों की आवाजाही से परेशान होकर कॉलोनी के मुख्य रास्ते पर जाम लगा दिया। यह विरोध प्रदर्शन मुख्य रूप से वाहनों के कारण हो रही असुविधा और कॉलोनीवासियों के जीवन पर पड़ रहे प्रभाव के विरोध में किया गया।

पार्षद और अधिकारी मौके पर पहुंचे

जाम की सूचना मिलने पर पार्षद बीडी रजक मौके पर पहुंचे और उन्होंने चौकी प्रभारी तथा सीएमओ राहुल कौरव को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीएमओ भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने कॉलोनीवासियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और समाधान के लिए आठ दिन का समय मांगा। सीएमओ ने आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का स्थायी हल निकाला जाएगा।

धूल और शोर से रातों की नींद उड़ी

कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि लगातार गुजरने वाले रेलवे वाहनों के कारण रात में सोना मुश्किल हो गया है। धूल और शोर से बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं।

कॉलोनी निवासी सुमन ने बताया, “मैं अस्थमा से पीड़ित हूं। वाहनों से उड़ने वाली धूल मेरी समस्या बढ़ा रही है। रात में नींद न आने के कारण मेरे बेटे को भी ड्यूटी से लौटने के बाद आराम नहीं मिल पाता।”

महंगे प्लॉट खरीदे, रहने में हो रही परेशानी

निवासियों लक्ष्मी बाई और सुनीता ने बताया कि उन्होंने महंगे दामों पर कॉलोनी में प्लॉट खरीदे और मकान बनाए थे, लेकिन अब लगातार आवाजाही और धूल-शोर के कारण यहां रहना मुश्किल हो गया है।

कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि रेलवे वाहनों की आवाजाही का समय और मार्ग निर्धारित किया जाए ताकि उनका जीवन प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि समस्या का त्वरित समाधान न होने पर वह भविष्य में और भी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *