बीना। खिमलासा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरिया जेगन गांव के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।
शादी समारोह में जा रहे थे तीनों युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के गांधी नगर निवासी आकाश पाल (22) पुत्र मदन पाल के रूप में हुई है। उसके साथ बाइक पर गौरीशंकर विश्वकर्मा और राज पाल सवार थे। तीनों युवक शुक्रवार रात ललितपुर से खुरई में अपने एक मित्र की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
जब वे पथरिया जेगन गांव के पास खिमलासा-खुरई मार्ग पर पहुंचे, तभी सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक असंतुलित हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल बीना सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश पाल को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही खिमलासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शनिवार को पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और स्पीड ब्रेकर पर बाइक का असंतुलित होना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र में शोक की लहर
युवा की असमय मौत से परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है। शादी में शामिल होने जा रहे युवकों के साथ हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।