बीना और खुरई अंचल में मंगलवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक तेज बारिश हुई, वहीं कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मावठे की इस पहली बारिश से पूरे इलाके में ठंड का असर तेज हो गया है। ठंडी हवाओं और लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में हुई यह इस सीजन की पहली बारिश बताई जा रही है। पिछले तीन दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे थे। मंगलवार रात अचानक तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। शहर की सड़कों पर पानी भर गया और कई इलाकों में तेज गड़गड़ाहट के साथ ओले भी गिरे, जिससे लोग सहम गए।
मौसम विभाग के अनुसार, बीना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में दिन के तापमान में लगभग 3 डिग्री और रात के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। सिविल अस्पताल में सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। डॉक्टरों ने लोगों को ठंड से बचाव और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ओलावृष्टि से किसानों की बढ़ी चिंता

हालांकि यह बारिश कुछ फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है, लेकिन ओलावृष्टि के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। अचानक हुई बारिश और ओलों से गेहूं, चना, मटर, तेवरा, मसूर और अरहर सहित अन्य रबी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
बीना क्षेत्र के सेमरखेड़ी गांव के किसान सीताराम ठाकुर ने बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश के साथ करीब 10 सेकेंड तक ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि ओलावृष्टि का असर ज्यादा रहा तो उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों में मलिया, सेमरखेड़ी, निवोदा, आगासौद, ढिमरौली, बेरखेड़ी माफी, परसोरा और कनखर सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। किसान नुकसान का आकलन कर प्रशासन से राहत की मांग कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले समय में मौसम में और बदलाव की संभावना जताई है। ऐसे में किसान और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है