
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना बीना की ओर से आज संदीपनी मॉडल स्कूल, बीना में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों सहित करीब 1000 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करना और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

इस अवसर पर “नशा समाज के उत्थान में अभिशाप है” विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने निबंधों के माध्यम से यह बताया कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। बच्चों ने यह भी साझा किया कि वे अपने घर, मित्रों और पड़ोसियों को नशे से दूर रखने के लिए कैसे प्रयासरत रहेंगे।

विद्यालय प्रशासन और थाना बीना द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरक और सामाजिक जिम्मेदारी से युक्त रहा। छात्रों में सकारात्मक ऊर्जा और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखी गई।

🔴 “नशे के खिलाफ यह लड़ाई एक आंदोलन है — बीना पुलिस हर कदम पर समाज के साथ है”