बीना नगर पालिका बैठक में अहम फैसले: कर बढ़ोतरी का प्रस्ताव खारिज, शौचालय और प्रतिमा परिवर्तन पर बनी समिति !

Spread the love

बीना नगर पालिका की शुक्रवार दोपहर आयोजित परिषद बैठक में शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत एजेंडा के पहले बिंदु से करते हुए सीएमओ राहुल कौरव ने बताया कि सर्वोदय चौराहे पर प्रस्तावित शौचालय के स्थान पर पुलिस थाने के पीछे निर्माण की संभावना है। इस पर परिषद ने निर्णय लिया कि पांच सदस्यीय समिति बनाकर स्थल निरीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।

शिव वार्ड के पार्षद सौरभ कैथोरिया ने सुपर मार्केट क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों से अधूरे पड़े शौचालय का मुद्दा उठाया। सीएमओ ने जानकारी दी कि संबंधित ठेकेदार को टर्मिनेट कर दिया गया है और जल्द ही नया टेंडर जारी किया जाएगा।

बैठक के दूसरे एजेंडा में गांधी तिराहे पर प्रतिमा परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे परिषद ने सर्वसम्मति से खारिज कर दिया। सदस्यों का कहना था कि मौजूदा प्रतिमा की मरम्मत कर उसे दुरुस्त किया जा सकता है। उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया ने कहा कि पूर्व में मूर्ति स्थापना के नाम पर घोटाले भी हो चुके हैं।

मारुति मंदिर के सामने पार्किंग जोन बनाने के प्रस्ताव पर वार्ड पार्षद प्रतिमा ठाकुर ने आपत्ति जताई, जिसके बाद यह प्रस्ताव भी निरस्त कर दिया गया।

कर बढ़ोतरी का प्रस्ताव अस्वीकृत

15वें वित्त आयोग की राशि प्राप्त करने के लिए सीएमओ द्वारा कर बढ़ाने का सुझाव रखा गया, लेकिन परिषद ने जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने से इनकार कर दिया। जलकर और स्वच्छता कर में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया गया। हालांकि, अन्य करों में प्रस्तावित दर के अनुसार मामूली वृद्धि पर सहमति बनी।
सीएमओ ने तर्क दिया कि महंगाई के अनुरूप कर वसूली न बढ़ने के कारण पिछले वर्ष नगर पालिका को करीब 5 करोड़ रुपए की राशि से वंचित रहना पड़ा।

रिफाइनरी से सीएसआर फंड की मांग का सुझाव

बैठक में रिफाइनरी विस्तार के चलते शहर में बाहरी लोगों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई गई। सुझाव दिया गया कि ऐसे मकानों की पहचान कर अतिरिक्त कर लगाया जाए और रिफाइनरी प्रबंधन से सीएसआर फंड की मांग की जाए।

अंत में चौराहों के सौंदर्यीकरण, ट्रैफिक सिग्नल और दिशा संकेतक लगाने के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार सहित अनुराधा यादव, नीतू राय, राजकुमारी ठाकुर, रश्मि कुशवाहा, पूनम राजपूत, प्रतिमा सिंह, मधुलिका यादव, गौरीशंकर राय, अजय ठाकुर, मीना चौबे, विवेक पौरिया, प्रकाश बजाज सहित अन्य पार्षद एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *