बीना में इंडेन गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री का आरोप, 36 सिलेंडर जब्त !

Spread the love

बीना शहर में नई बस्ती पुलिस चौकी के पास इंडेन गैस के छोटे सिलेंडरों की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। एचपी गैस एजेंसी के संचालक छोटा बाबू राय ने एक ऑटो चालक को सिलेंडर बेचते हुए पकड़ा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को जब्त कर बीना थाने ले गई।

पुलिस जांच में ऑटो से कुल 36 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 14 किलो के 21 और 21 किलो के 15 सिलेंडर शामिल हैं। सभी सिलेंडरों को फिलहाल बीना थाने में सुरक्षित रखा गया है। एचपी गैस एजेंसी संचालक छोटा बाबू राय ने आरोप लगाया कि बीना शहर में इंडेन गैस की कोई अधिकृत एजेंसी नहीं है। उन्होंने बताया कि इंडेन गैस एजेंसी केवल मंडी बामोरा में संचालित है, जबकि बीना में केवल एचपी गैस और भारत गैस की एजेंसियां अधिकृत हैं। उन्होंने इस बिक्री को नियमों के खिलाफ बताते हुए लिखित शिकायत देने की बात कही है।

वहीं, कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव ने मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि जब्त किए गए सिलेंडर इंडेन गैस एजेंसी मंडी बामोरा के नाम पर हैं और एजेंसी के कुछ कनेक्शन बीना क्षेत्र में भी हैं। उन्होंने इस आपूर्ति को नियमों के तहत वैध बताया है। फिलहाल पुलिस ने वाहन और सिलेंडरों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *