सागर, 26 जुलाई 2025 |
लगातार हो रही बारिश के कारण सागर जिले के बीना नगर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने बीना पहुंचकर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लिया वास्तविक स्थिति का जायजा
अपर कलेक्टर श्री उपाध्याय ने एसडीएम श्री विजय डेहरिया के साथ बीना नगर के प्रताप वार्ड, कटरा मंदिर क्षेत्र एवं नई इंदिरा बस्ती का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव से प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद करेगा और किसी को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

नालों और नालियों की तत्काल सफाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थित मुख्य नालों एवं नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए ताकि जल निकासी सुचारु रूप से हो सके और भविष्य में दोबारा पानी भरने की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में साफ-सफाई और जल निकासी पर विशेष निगरानी रखी जाए।

प्रभावितों को दिलाया आश्वासन
अपर कलेक्टर ने जल से घिरे मकानों के रहवासियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक अमला, नगर पालिका एवं आपदा प्रबंधन दल त्वरित कार्यवाही के लिए तत्पर रहेगा।
जलभराव रोकने की दीर्घकालिक योजना पर भी बल
निरीक्षण के दौरान श्री उपाध्याय ने यह भी सुझाव दिया कि बीना नगर की जलनिकासी व्यवस्था का एक बार फिर सर्वे एवं पुनर्मूल्यांकन किया जाए। जिन क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या बार-बार उत्पन्न होती है, वहां दीर्घकालिक समाधान के लिए स्थायी ड्रेनेज योजना बनाई जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237