शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बीना में मुख्य समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बीना।
बीना नगर सहित खुरई, मालथौन और बांदरी तहसील मुख्यालयों पर सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को याद किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। हालांकि बीना के मुख्य कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को लेकर विधायक ने नाराजगी भी जताई।
बीना में उत्कृष्ट विद्यालय में मुख्य समारोह
बीना का मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित किया गया। यहां जनपद अध्यक्ष उषा राय ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विधायक निर्मला सप्रे, नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन हुआ, जिसके उपरांत आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए। एसडीएम विजय डेहरिया ने मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उल्लेखनीय है कि इस बार कार्यक्रम में पुलिस विभाग द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर नहीं दिया गया, जिसको लेकर भी चर्चाएं रहीं।
स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
‘वंदे मातरम्’, ‘जैसा भारत देश महान’, ‘बुंदेलखंड की बधाई’, ‘ये देश है वीर जवानों का’, ‘जिगरा है’, ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘मां सरस्वती शारदे’ जैसे गीतों पर आधारित नृत्य व नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया। समारोह के दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।
व्यवस्थाओं पर विधायक की नाराजगी
मुख्य कार्यक्रम के दौरान कुछ व्यवस्थागत कमियों को लेकर विधायक निर्मला सप्रे ने नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभिन्न कार्यालयों में झंडावंदन
बीना में न्यायालय परिसर में द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश संजय कुमार जैन, नगर पालिका में अध्यक्ष लता सकवार, तहसील परिसर में एसडीएम विजय डेहरिया, सिविल अस्पताल में बीएमओ संजीव अग्रवाल, रेलवे स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक संतोष शर्मा और बीना थाना परिसर में निरीक्षक अनूप यादव द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
इसके अलावा सभी शासकीय कार्यालयों में विभाग प्रमुखों द्वारा झंडावंदन किया गया। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने कार्यालयों में तिरंगा फहराकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
खुरई में भी गणतंत्र दिवस की रही धूम
खुरई नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शासकीय दफ्तरों, निजी संस्थानों, स्कूलों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा शान से लहराता नजर आया।
किला मैदान में मुख्य आयोजन

खुरई का मुख्य समारोह ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित किया गया, जहां जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार और नगर पालिका अध्यक्ष नन्नी बाई ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस दौरान शांति और सद्भाव के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे और सफेद कबूतर आकाश में छोड़े गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
समारोह में स्कूली बच्चों ने ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’ जैसे देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। देश की सुरक्षा और वीर जवानों पर आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विशेष आकर्षण के रूप में एसडीएम मनोज चौरसिया ने ‘चलना मुसाफिर का काम है’ गीत गाकर कार्यक्रम में समां बांध दिया।
संस्थानों में झंडावंदन और महापुरुषों का स्मरण

खुरई में न्यायालय परिसर में न्यायाधीश शोएब खान, तहसील व उपजेल में एसडीएम मनोज चौरसिया, नगर पालिका में अध्यक्ष नन्नी बाई सहित वन विभाग, महिला बाल विकास, सिविल अस्पताल और पुलिस थानों में भी ध्वजारोहण किया गया।
राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने तिरंगा फहराकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। सभी सरकारी-निजी स्कूलों और ग्राम पंचायतों में भी पूरे सम्मान और उत्साह के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया।