बीना में मेधावी छात्र-छात्राओं और श्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित !

Spread the love

शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर बीना में विधायक निर्मला सप्रे के नेतृत्व में मेधावी छात्र-छात्राओं और श्रेष्ठ शिक्षकों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मध्यप्रदेश सरकार के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश और मां सरस्वती की प्रतिमाओं के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और प्रेरणादायी बना दिया।

शिक्षकों की भूमिका पर बोले मंत्री राजपूत

अपने संबोधन में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन में दीपक की भांति होते हैं, जो स्वयं जलकर हमें ज्ञान का मार्ग दिखाते हैं। वे केवल शिक्षा ही नहीं देते बल्कि हमें एक सच्चा और आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की दिशा तय करने का साधन है। मंत्री राजपूत ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी शिक्षा का चयन सावधानी से करें और कॉलेज-विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने से पहले संस्था की गुणवत्ता अवश्य देखें, क्योंकि कई जगह केवल फीस लेकर डिग्री दी जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अच्छे संस्थान चुनें और शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर भी ध्यान दें, जिससे स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त होगा।

युवाओं की प्रतिभा पर की सराहना

मंत्री राजपूत ने आज के युवाओं की प्रतिभा और मेहनत को सराहते हुए कहा कि समय बदल चुका है। पहले अनुभव और उम्र के साथ सफलता आती थी, लेकिन आज युवा 25-26 वर्ष की आयु में ही बड़े-बड़े मुकाम हासिल कर रहे हैं। कई युवा विश्व की अरबों-खरबों की कंपनियों के सीईओ बनकर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब शिक्षा और कौशल का सही समन्वय किया जाए।

विधायक निर्मला सप्रे ने छात्रों को दी प्रेरणा

कार्यक्रम की आयोजक विधायक निर्मला सप्रे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मान समारोह मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए ताकि वह न केवल अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करे, बल्कि बीना नगर का भी मान बढ़ाए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि बीना से ऐसे मेधावी छात्र निकलें जो बड़े प्रशासनिक पदों तक पहुंचे और समाज एवं राष्ट्र की सेवा करें।

अन्य जनप्रतिनिधियों के विचार

इस अवसर पर पूर्व खुरई विधायक अरुणोदय चौबे ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को अपने परिश्रम और त्याग से गढ़ते हैं। वे अपने खून-पसीने से पेन में स्याही भरकर विद्यार्थियों के जीवन की दिशा लिखते हैं। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने भी उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और शिक्षक, दोनों ही राष्ट्र की रीढ़ हैं।

मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में मंत्री राजपूत ने सेवानिवृत्त शिक्षक पंडित बृजमोहन शास्त्री का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इसके अलावा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में मध्यप्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं में सुमबुल खान (99.2%, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्र.1 बीना), धैर्य चौबे (98.6%, सरस्वती शिशु मंदिर बीना), अभय कुर्मी (98.4%, शासकीय उ.मा.वि. भानगढ़) और कक्षा 12वीं में यशोदा विश्वकर्मा (95.4%, नाभि.दि. जैन स्कूल), आकांक्षा कुर्मी (94.2%, पीएम श्री शा.उ.मा.वि. खिमलासा), मयंक कुशवाहा (93.6%, शासकीय सांदीपनि विद्यालय) को चेक, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त 500 से अधिक मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया। इसमें शासकीय सांदीपनि विद्यालय बीना (कक्षा 10वीं में 96.97% और कक्षा 12वीं में 95% परिणाम), शासकीय हाईस्कूल करोंदा (कक्षा 10वीं में 100% परिणाम) और शासकीय हाईस्कूल पार (कक्षा 10वीं में 97% परिणाम) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

नगर पालिका में हुआ भव्य स्वागत

कार्यक्रम के पश्चात बीना नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लता सकवार, उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैयां और पार्षदों ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का नगर परिषद में भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंत्री राजपूत ने कहा कि बीना नगर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे जनता की समस्याओं और मांगों को तत्परता से उठाएं और जहां भी उनकी आवश्यकता हो, वहां उन्हें अवगत कराएं।

समारोह की गरिमा और उपस्थिति

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशि कैथोरिया, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय सहित चित्तर सिंह, पवन यादव, संजय सिंह ठाकुर, विशाल कुर्मी, सुधीर गुरहा, सौरभ अचबर, विकास राजपूत, राहुल राजपूत, रतन सिंह यादव, कड़ोरी यादव, सुरेंद्र राजपूत समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मेधावी छात्र-छात्राएं और शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *