बीना। संत संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती के अवसर पर रजक समाज द्वारा गुलौआ मुक्तिधाम में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान संयुक्त मोर्चा एवं रजक समाज सेवा समिति के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों और युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत गाडगे महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने मुक्तिधाम परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया।
स्वच्छता और सेवा के संदेश को किया आत्मसात

स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर एचडी गोस्वामी ने संत गाडगे महाराज के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
रतनलाल रजक ने बताया कि संत गाडगे महाराज ने जीवनभर स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने समाज से अपील की कि उनके बताए मार्ग पर चलकर गांव और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए।
युवाओं से सकारात्मक पहल की अपील
कल्याण रजक ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है।
संयुक्त मोर्चा सदस्य एडवोकेट राजेश रजक ने युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नियमित स्वच्छता गतिविधियों में भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

27 फरवरी को पखवाड़े का समापन
मनोज रजक ने जानकारी दी कि संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती को पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका समापन 27 फरवरी को समाज कल्याण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के साथ होगा।
समिति के सचिव रोशन रजक ने कहा कि जयंती के अवसर पर ऐसे आयोजन करना ही संत गाडगे महाराज के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
सामूहिक संकल्प

इस अवसर पर रजक समाज के सदस्य एवं मोतीचूर नदी समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने, नियमित अभियान चलाने और समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अनूप सोलंकी, गोविंदी रजक, संतोष सोलंकी, गणेश रजक, सूर्यप्रकाश रजक, बृजेंद्र रजक, लोकेश सोलंकी, जगदीश सोलंकी, गौरव रजक, तरुण रजक सहित अनेक समाजजन शामिल रहे।
बीना में संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती पर स्वच्छता अभियान, गुलौआ