बीना में सनसनीखेज वारदात : पत्नी ने पति संग जाने से किया इनकार, गुस्से में पति ने नाक काटी;

Spread the love

सागर ज़िले के बीना तहसील क्षेत्र में रविवार शाम घरेलू कलह ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। खुरई देहात थाना क्षेत्र के ढिकुआ गांव में शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसकी नाक काट दी। यही नहीं, पत्नी को बचाने आई मामी पर भी आरोपी ने वार कर घायल कर दिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जुट

पत्नी ने साथ चलने से किया इनकार, पति ने बोला हमला

पुलिस के अनुसार, ढिकुआ गांव में अपने मामा के घर रह रही रोशनी (25) पर उसके पति बहादुर अहिरवार (30) ने हमला किया। बहादुर ने रोशनी से अपने साथ घर चलने की बात कही, लेकिन जब रोशनी ने इनकार कर दिया तो वह आपा खो बैठा। गुस्से में उसने चाकू से हमला करते हुए रोशनी की नाक काट दी और चेहरे व हाथों पर कई जगह गंभीर चोटें पहुंचाईं।

मामी पर भी किया हमला

शोर सुनकर जब रोशनी की मामी अर्चना (45) उसे बचाने पहुंचीं, तो बहादुर ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। उनके हाथ में चोट आई। गांव के लोग मौके पर दौड़े तो आरोपी बहादुर वहां से भाग निकला।

गंभीर हालत में रोशनी सागर रेफर

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत दोनों घायलों को एंबुलेंस से खुरई अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रोशनी की हालत गंभीर बताई और बेहतर इलाज के लिए उसे सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मामी अर्चना का इलाज खुरई अस्पताल में जारी है।

चार साल पहले हुई थी शादी, लगातार करता था प्रताड़ित

जानकारी के अनुसार, रोशनी की शादी चार साल पहले खुरई क्षेत्र के बघोरा गांव निवासी बहादुर अहिरवार से हुई थी। बहादुर शराब का आदी है और आए दिन रोशनी के साथ मारपीट करता था। घरेलू झगड़ों से परेशान होकर रोशनी 15 दिन पहले अपने मामा शरमन अहिरवार के घर आकर रहने लगी थी।

मामा का बयान : “भांजी लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी”

पीड़िता के मामा शरमन अहिरवार ने बताया कि उनकी भांजी को बहादुर लगातार प्रताड़ित करता था। उसका स्वभाव हिंसक हो गया था। “रोशनी अब और सहन नहीं कर पा रही थी, इसलिए वह हमारे पास आकर रह रही थी। लेकिन बहादुर ने रविवार को यहां आकर जानलेवा हमला कर दिया।”

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज किए और आरोपी बहादुर अहिरवार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

यह घटना घरेलू हिंसा की एक और भयावह तस्वीर पेश करती है। गांववाले अब भी हैरान हैं कि मामूली कहासुनी के चलते पति ने पत्नी की नाक काट दी और उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *