बीना रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरा यात्री, गंभीर घायल !

Spread the love

प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर लहूलुहान हालत में मिला, आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल

बीना।
बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गहरी चोट लगने से यात्री लहूलुहान हालत में प्लेटफॉर्म पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पड़े देखा, जिसके सिर से लगातार खून बह रहा था। तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ स्टाफ को दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर अशोक यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बोलने की स्थिति में नहीं था घायल

आरपीएफ ने देखा कि घायल यात्री के सिर से काफी खून बह चुका था और वह बोलने या कुछ बताने की स्थिति में नहीं था। प्राथमिक सहायता के बाद एम्बुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।

आधार कार्ड से हुई पहचान

घायल यात्री इतना सहमा और गंभीर रूप से चोटिल था कि वह अपना नाम और पता तक नहीं बता सका। तलाशी लेने पर उसके पास से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान गौरव जायसवाल (38 वर्ष) निवासी पिपरिया गांव, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

हादसे को लेकर कई सवाल

रेलवे पुलिस के अनुसार, घायल गौरव को यह भी याद नहीं है कि वह किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था और किस परिस्थिति में वह चलती ट्रेन से गिरा। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मानसिक स्थिति भी स्थिर नहीं है, जिससे वह घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा है।

जांच में जुटी रेलवे पुलिस

फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यात्री किस ट्रेन से गिरा और हादसा कैसे हुआ। साथ ही घायल के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचें और यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *