बुंदेलखंड यंग अचीवर्स अवॉर्ड 2025: उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने युवाओं को प्रेरित किया !

Spread the love

सागर। बुंदेली प्रेस क्लब द्वारा आयोजित बुंदेलखंड यंग अचीवर्स अवॉर्ड 2025 सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने युवाओं को प्रेरित करने वाले विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हमारा कार्य समाज और देश की तरक्की में उपयोगी होना चाहिए। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कृषि, उद्योग और पर्यटन को अत्यंत आवश्यक बताया।

होटल दीपाली में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी क्षेत्र में औद्योगिक, हरित और पर्यटन क्रांति एक साथ होती है, तो विकास की गति अभूतपूर्व होती है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास के सभी क्षेत्रों में अग्रणी कार्य कर रहा है और अब यह देश में नंबर वन राज्य बनने की ओर अग्रसर है।

राजेन्द्र शुक्ल ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील भी की और कहा, “नशा नाश का द्वार है। हमें इससे दूर रहना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी पुरस्कार मिलने के बाद अहंकार में नहीं रहना चाहिए, क्योंकि सहज और सरल व्यक्ति हमेशा अग्रसर रहता है।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को फ्रेमयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड प्रेस क्लब युवाओं की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करता है, जिससे विकासवादी सोच को बढ़ावा मिलता है।

समारोह में विधायक सागर शैलेन्द्र जैन, विधायक नरयावली प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, श्याम तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *